हर राइट हर फ्यूचर: हर बेटी की शिक्षा से उज्ज्वल बनेगा भविष्य
आज के समय में शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सम्मान और आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी शक्ति बन चुकी है। फिर भी ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक गरीब और जरूरतमंद बालिकाएं आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पातीं। ऐसी परिस्थिति में (RSKS India) द्वारा चलाया जा रहा “हर राइट हर फ्यूचर” कार्यक्रम समाज में आशा की नई किरण बनकर सामने आया है।इस कार्यक्रम के अंतर्गत “एजुकेशन फॉर एवरी गर्ल कैंपियन प्रोग्राम” के माध्यम से गांव की गरीब एवं जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षण सामग्री वितरित की जा रही है। संस्था का उद्देश्य केवल कॉपी, किताबें, पेन और स्कूल बैग उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि बालिकाओं को आगे की शिक्षा के लिए प्रेरित करना भी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार आर्थिक कमजोरी के कारण बेटियों की शिक्षा को महत्व नहीं दे पाते। ऐसे में जब किसी बालिका को शिक्षण सामग्री और प्रोत्साहन मिलता है, तो उसके भीतर आत्मविश्वास बढ़ता है और वह अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ती है। यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा देती है, बल्कि बाल विवाह, अशिक्षा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक समस्याओं को कम करने में भी सहायक साबित हो रही है।
RSKS India का मानना है कि यदि एक बेटी शिक्षित होती है, तो पूरा परिवार और समाज शिक्षित बनता है। संस्था द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रेरणादायक संवाद और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से अभिभावकों को भी बेटियों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
“हर राइट हर फ्यूचर” कार्यक्रम वास्तव में उन बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास है, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाती हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस प्रकार की पहल में सहयोग करना चाहिए ताकि हर बेटी को शिक्षा का अधिकार मिल सके और वह आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें